NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

BSF NEWS

ड्यूटी के दौरान करंट लगने से BSF जवान चंदन सिंह का निधन, गांव में शोक की लहर

खड़गपुर/फिरोजपुर: भारत-पाकिस्तान सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान चंदन सिंह का ड्यूटी के दौरान करंट लगने से निधन हो गया। यह हादसा बुधवार देर रात पंजाब के फिरोजपुर सेक्टर में हुआ। जवान की असमय मृत्यु की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव जवायत सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मिली जानकारी के अनुसार, खड़गपुर प्रखंड के जवायत गांव निवासी 30 वर्षीय चंदन सिंह पंजाब के फिरोजपुर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के समीप जनरेटर ऑपरेटर के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान जनरेटर से जुड़े कार्य के समय शॉर्ट सर्किट होने से वह बिजली के करंट की चपेट में आ गए। साथी जवानों ने उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

चंदन सिंह वर्ष 2014 में BSF में भर्ती हुए थे और पिछले कई वर्षों से देश की सीमाओं की सुरक्षा में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके निधन की सूचना जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण व शुभचिंतक परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

परिजनों के अनुसार, चंदन सिंह की शादी लगभग चार वर्ष पहले हुई थी। उनकी पत्नी बांका हाई स्कूल में शिक्षिका हैं। दंपति की अभी कोई संतान नहीं है। उनके पिता ब्रजेश सिंह खेती-किसानी करते हैं। चंदन अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे थे, जबकि उनके दोनों बड़े भाई भी गांव में कृषि कार्य से जुड़े हैं।

परिवार को मिली जानकारी के अनुसार, जवान के पार्थिव शरीर का पोस्टमार्टम पंजाब में कराया जाएगा। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उनका पार्थिव शरीर शुक्रवार तक पैतृक गांव जवायत लाए जाने की संभावना है, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किए जाने की उम्मीद है।

जवान के निधन की खबर से पूरे इलाके में शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने चंदन सिंह को कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार व्यक्तित्व का धनी बताते हुए उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और हर कोई दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।

Spread the love

Editorial Desk – News of Paramilitary

Editorial Desk, News of Paramilitary, covers verified news, policy updates and field reports related to India’s Paramilitary Forces. Content is published following strict editorial standards.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page