CISF ने सेवानिवृत्त जवानों के लिए CLMS सुविधा लागू करने की प्रक्रिया की शुरू,विकसित किया जाएगा CLMS एप्लिकेशन
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने केरल हाईकोर्ट के आदेश का पालन करते हुए सेवानिवृत्त CISF कर्मियों के लिए CLMS सुविधा लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में 7 जुलाई 2026 को CISF मुख्यालय के वेलफेयर निदेशालय ने सभी सेक्टर आईजी और निदेशक NISA को एक जरूरी पत्र जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार, केरल हाईकोर्ट के 21 अक्टूबर 2025 के निर्णय के अनुपालन में सेवानिवृत्त CISF कर्मियों को CLMS सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय सक्षम प्राधिकारी द्वारा लागू कर दिया गया है।
CISF ने बताया कि सेवानिवृत्त कर्मियों के पंजीकरण के लिए एक विशेष CLMS एप्लिकेशन/सॉफ्टवेयर विकसित किया गया है। फिलहाल इसे ITBP मुख्यालय के केंद्रीय सर्वर के साथ एकीकृत किया जा रहा है। तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह सुविधा CISF की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी, जहां सेवानिवृत्त कर्मी अपना पंजीकरण कर सकेंगे।
इसके लिए सभी इकाइयों से सेवानिवृत्त कर्मियों का अद्यतन डेटा उपलब्ध कराने को कहा गया है। विशेष रूप से नवंबर 2015 के बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मियों के मोबाइल नंबरों का सत्यापन करने और आवश्यक होने पर संशोधित जानकारी भेजने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अक्टूबर 2015 तक सेवानिवृत्त हुए कर्मियों का पूरा विवरण भी निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराने को कहा गया है।
CISF मुख्यालय ने सभी सेक्टरों और इकाइयों से अनुरोध किया है कि सेवानिवृत्त कर्मियों का विवरण शीघ्र भेजी जाए, ताकि सभी पात्र पूर्व कर्मियों को नई CLMS सुविधा का लाभ समय पर मिल सके।

