BSF के सहायक उपनिरीक्षक ने गोली मारकर की आत्महत्या, एक महीने की छुट्टी के बाद लौटे थे ड्यूटी पर
जम्मू: सीमा सुरक्षा बल (BSF) के एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) ने रविवार सुबह जम्मू के बाहरी इलाके पलौरा स्थित बीएसएफ कैंप में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद कैंप में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों के अनुसार, मृतक की पहचान मध्यप्रदेश निवासी सहायक उपनिरीक्षक लाल सिंह के रूप में हुई है। वह पलौरा स्थित बीएसएफ शिविर में तैनात थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह उन्होंने अपनी सरकारी राइफल से खुद को गोली मार ली, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बीएसएफ और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि किन परिस्थितियों में उन्होंने यह कदम उठाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लाल सिंह लगभग एक महीने की छुट्टी के बाद 13 जून को ही ड्यूटी पर लौटे थे। जांच एजेंसियां उनके निजी और पेशेवर पहलुओं की भी पड़ताल कर रही हैं।
बीएसएफ और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

