CISF जवान अरुण कुमार ने एनटीपीसी रिहंद में की आत्महत्या, नाइट ड्यूटी से लौटे थे घर
सोनभद्र/बीजपुर। CISF की एनटीपीसी रिहंद इकाई में तैनात गाजीपुर निवासी प्रधान आरक्षक अरुण कुमार (47) का शव मंगलवार सुबह उनके आवास में फंदे से लटका मिला। घटना से सीआईएसएफ कॉलोनी में शोक और सनसनी फैल गई। पुलिस और सीआईएसएफ अधिकारी मामले की जांच में जुट गए हैं।
रात्रि ड्यूटी से लौटने के बाद हुई घटना
जानकारी के अनुसार गाजीपुर जिले के बिरनो थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी अरुण कुमार वर्ष 2000 में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती एनटीपीसी रिहंद इकाई में प्रधान आरक्षक के पद पर थी। वह सीआईएसएफ कॉलोनी के क्वार्टर नंबर बी-62 में पत्नी पुष्पा देवी के साथ रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह वह रात्रि ड्यूटी पूरी कर घर लौटे और कमरे में आराम करने चले गए। इसी दौरान उनकी पत्नी आवास के बाहर किसी से बातचीत कर रही थीं। कुछ देर बाद जब वह कमरे के अंदर पहुंचीं तो अरुण कुमार का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका मिला।
मौके पर पहुंचे सहकर्मी, तब तक हो चुकी थी मौत
पत्नी की चीख-पुकार सुनकर आसपास रहने वाले सीआईएसएफ कर्मी और उनके परिजन मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में जवान को फंदे से नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
बीजपुर थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही शव को फंदे से उतार लिया गया था। पत्नी पुष्पा देवी की तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है।
परिवार में मचा कोहराम
मृतक अरुण कुमार अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी बेटी दीपशिखा (25), पुत्र मुकेश कुमार (24) और आयुष (21) बाहर रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
आत्महत्या के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस और सीआईएसएफ की संयुक्त टीम सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

