पुंछ में दुर्घटनावश गोली चलने से CRPF की 38वीं बटालियन के जवान अब्दुल्ल गनी की मौत
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में दुर्घटनावश गोली चलने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान की मौत हो गई। घटना के बाद सुरक्षा बलों और पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक जवान की पहचान सीआरपीएफ की 38वीं वाहिनी में तैनात कांस्टेबल (जीडी) अब्दुल्ल गनी के रूप में हुई है। वह जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के गांव चक्क दयाला के निवासी थे और वर्तमान में पुंछ क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ड्यूटी के दौरान अचानक गोली चल गई, जिससे जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद साथियों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटनावश गोली चलने का बताया जा रहा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

