NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

SSB NEWS

SSB डिप्टी कमांडेंट से लखनऊ में 41 लाख की धोखाधड़ी: प्लॉट के नाम पर फर्जी रजिस्ट्री और होम लोन का जाल

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में जमीन के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। सशस्त्र सीमा बल (SSB) के डिप्टी कमांडेंट राजन कुमार से निजी कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भूखंड दिलाने के नाम पर करीब 41 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर बिजनौर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मूल रूप से बिहार के बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र स्थित पड़घड़ी गांव निवासी राजन कुमार वर्तमान में भारत-भूटान सीमा पर काजलगांव में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में परिवार के लिए लखनऊ के वृंदावन योजना क्षेत्र में मकान खरीदने का निर्णय लिया था।

इसी दौरान ‘स्वप्निल इंडिया मार्केटिंग’ नामक कंपनी ने उन्हें अपने प्रोजेक्ट ‘सौभाग्यम फेज-3 एक्सटेंशन’ में आवास उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। कंपनी के झांसे में आकर उन्होंने पहले टोकन राशि जमा की और बाद में करीब 4.14 लाख रुपये का भुगतान किया। इसके अलावा उन्होंने एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस से 37 लाख रुपये का होम लोन भी स्वीकृत कराया।

पीड़ित के अनुसार 16 सितंबर 2022 को उनके और उनकी पत्नी के नाम से भूखंड की विधिवत रजिस्ट्री भी कराई गई। लेकिन तय समय सीमा बीतने के बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ। मार्च 2024 से प्रोजेक्ट का काम पूरी तरह बंद कर दिया गया।

राजन कुमार का आरोप है कि कंपनी से लगातार संपर्क करने पर उन्हें टालमटोल जवाब दिए गए और बाद में धमकी भी दी जाने लगी। अक्टूबर 2025 में जब वह मौके पर पहुंचे तो पता चला कि वही भूखंड वर्ष 2021 में ही किसी अन्य कंपनी या व्यक्ति को बेचा जा चुका था। यानी एक ही संपत्ति की एक से अधिक लोगों के नाम रजिस्ट्री कर दी गई।

पीड़ित का कहना है कि उन्हें न तो जमीन का कब्जा मिला और न ही मकान का निर्माण हुआ, जबकि वह लोन की किस्तें लगातार भर रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद शहीद पथ स्थित बिजनौर थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Spread the love

Editorial Desk – News of Paramilitary

Editorial Desk, News of Paramilitary, covers verified news, policy updates and field reports related to India’s Paramilitary Forces. Content is published following strict editorial standards.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page