देवरिया:भलुअनी थाने में CRPF जवान के साथ अभद्रता।थानाध्यक्ष पर लॉकअप में बंद करने और मोबाइल छीनने का आरोप
देवरिया जिले के भलुअनी थाना क्षेत्र में तैनात थानाध्यक्ष पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान के साथ दुर्व्यवहार और अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित जवान ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनाड़ी गांव निवासी CRPF जवान नागेंद्र कुमार यादव ने 3 अप्रैल को अपनी एक व्यक्तिगत समस्या को लेकर भलुअनी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत के आधार पर 4 अप्रैल को क्षेत्रीय उपनिरीक्षक द्वारा जांच की गई, लेकिन उस समय जवान अपने घर पर मौजूद नहीं थे।
इसके बाद 5 अप्रैल को नागेंद्र कुमार यादव अपनी शिकायत की स्थिति जानने के लिए भलुअनी थाने पहुंचे। आरोप है कि वहां थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार पाण्डेय से बातचीत के दौरान उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया।
जवान का आरोप है कि थानाध्यक्ष ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, धक्का-मुक्की की और करीब 30 मिनट तक उन्हें लॉकअप में बंद रखा। इसके साथ ही ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों द्वारा उनका मोबाइल फोन जबरन छीनने का भी आरोप लगाया गया है।
नागेंद्र यादव ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने अपने प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया है कि वह वर्ष 2007 से CRPF में सेवाएं दे रहे हैं और उत्कृष्ट कार्य के लिए पांच बार सम्मानित भी हो चुके हैं, बावजूद इसके उनके साथ इस तरह का व्यवहार किया गया।
जवान का कहना है कि पूरी घटना की सच्चाई थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से सामने आ सकती है। उन्होंने मांग की है कि किसी निष्पक्ष अधिकारी से मामले की जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।
घटना सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई है। फिलहाल प्रशासन की ओर से आधिकारिक जांच आदेश जारी होने की प्रतीक्षा की जा रही है।

