वाराणसी: ट्रेन से गिरी CRPF जवान की AK-47 राइफल, जैतपुरा रेलवे ट्रैक पर मिली
वाराणसी: जैतपुरा थाना क्षेत्र के सरैया रेलवे ट्रैक पर सोमवार सुबह एके-47 राइफल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रेलवे लाइन के किनारे पड़े संदिग्ध हथियार को सबसे पहले एक स्थानीय युवक ने देखा, जिसके बाद उसने तुरंत जैतपुरा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हथियार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार बरामद एके-47 राइफल की मैगजीन गोलियों से भरी हुई थी, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। शुरुआती जांच में सामने आया कि यह हथियार कथित तौर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान का है। बताया जा रहा है कि CRPF की एक टुकड़ी ट्रेन के जरिए पश्चिम बंगाल में चुनावी ड्यूटी के लिए जा रही थी, उसी दौरान यह हथियार ट्रेन से नीचे गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर डीसीपी काशी, एडीसीपी तथा एसीपी चेतगंज समेत कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) से संपर्क कर मामले की जानकारी साझा की और संयुक्त रूप से जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पता चला कि जिस ट्रेन से CRPF के जवान यात्रा कर रहे थे, वह पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन पर रुकी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने संबंधित CRPF टुकड़ी के कमांडर से संपर्क किया। पूछताछ में पुष्टि हुई कि एक जवान की एके-47 राइफल रास्ते में कहीं गिर गई थी, जिसकी जानकारी जवानों को भी नहीं हो सकी थी।
आवश्यक जांच-पड़ताल पूरी करने के बाद बरामद एके-47 राइफल को CRPF टुकड़ी के कमांडर के सुपुर्द कर दिया गया। हालांकि, इस घटना ने सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि इतनी संवेदनशील हथियार ट्रेन से कैसे गिर गया और इसकी समय पर जानकारी क्यों नहीं हो पाई।
इस मामले में किसी अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

