मसूरी में ITBP जवान ने की आत्महत्या, 2 महीने पहले हुआ था तबादला
मसूरी। उत्तराखंड के मसूरी स्थित आईटीबीपी अकादमी से एक दुखद घटना सामने आई है। पिथौरागढ़ यूनिट से ड्यूटी पर आए इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (ITBP) के एक जवान ने अपने आवासीय कक्ष में आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही मसूरी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
मसूरी पुलिस के अनुसार, मंगलवार 10 फरवरी को आईटीबीपी अकादमी मसूरी से सूचना मिली कि ड्यूटी पर तैनात एक जवान ने आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक की पहचान कॉन्स्टेबल चेतराम मीणा (38 वर्ष) पुत्र राम फल मीणा, निवासी ग्राम भौबता, पोस्ट बसवा, जिला दौसा (राजस्थान) के रूप में हुई।
मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि कॉन्स्टेबल चेतराम मीणा वर्तमान में आईटीबीपी अकादमी मसूरी में ड्यूटी पर तैनात था, जबकि उसकी मूल तैनाती 14वीं बटालियन पिथौरागढ़ में थी। जवान ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या की। पुलिस द्वारा मौके पर फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की गई, जिसके बाद शव को एंबुलेंस के माध्यम से उप जिला चिकित्सालय मसूरी भेजा गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक जवान करीब दो माह पूर्व ही पिथौरागढ़ से मसूरी ड्यूटी पर आया था। आईटीबीपी अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि जुलाई 2025 में पिथौरागढ़ में भी जवान द्वारा आत्महत्या का प्रयास किया गया था, जिसके बाद उसका इलाज और काउंसलिंग कराई गई थी।
फिलहाल पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
इस दुखद घटना के बाद आईटीबीपी अकादमी परिसर में शोक का माहौल है।
