ITBP ने रचा इतिहास: 5वें एलजी कप आइस हॉकी में पुरुष और महिला दोनों खिताब पर कब्जा
लद्दाख के कारगिल में बियामाथांग आइस हॉकी ग्राउंड पर आयोजित 5वें एलजी कप आइस हॉकी चैंपियनशिप 2026 का समापन हो गया। पुरुष वर्ग के रोमांचक फाइनल मुकाबले में इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) ने भारतीय सेना की लद्दाख स्काउट्स टीम को 2-1 से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की।
यह मुकाबला बेहद कड़ा रहा, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। आईटीबीपी की टीम ने अपनी मजबूत रक्षा और आक्रमण से बाजी मारी। महिलाओं के वर्ग में भी आईटीबीपी महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लद्दाख विमेंस आइस हॉकी फेडरेशन (LWIHF) को 7-3 से पराजित कर खिताब जीता। इस तरह आईटीबीपी ने दोनों वर्गों में विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
चैंपियनशिप के समापन समारोह में लद्दाख के माननीय लेफ्टिनेंट गवर्नर श्री कविंदर गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने विजेता आईटीबीपी पुरुष एवं महिला टीमों को बधाई दी और ट्रॉफी सौंपी। एलजी ने अपने संबोधन में कहा कि लद्दाख की अनोखी जलवायु, भूगोल और युवाओं की दृढ़ता के कारण यह क्षेत्र देश में शीतकालीन खेलों का प्रमुख केंद्र बनकर उभर सकता है। उन्होंने आइस हॉकी को लद्दाख की जीवनशैली और पहचान का अभिन्न हिस्सा बताया।
इस टूर्नामेंट में कुल 10 पुरुष टीमों और 5 महिला टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें देश भर से खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्ण प्रदर्शन किया। एलजी ने जिला प्रशासन कारगिल, खेल विभाग, आयोजन समिति, स्वयंसेवकों और सुरक्षा एजेंसियों की सराहना की।
समारोह में युवा सेवा एवं खेल विभाग के प्रशासनिक सचिव मोसेस कुंजांग ने भी संबोधन किया और कर्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग की प्रशंसा की।
लद्दाख जल्द ही 20 जनवरी से लेह में अंतरराष्ट्रीय स्तर के इनडोर आइस हॉकी रिंक पर 6ठे खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों की मेजबानी करेगा, जहां लगभग 500 खिलाड़ी भाग लेंगे।
आईटीबीपी की इस जीत से केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों का मान बढ़ा है।

