शहीद हवलदार भगवान सिंह की बेटी की शादी में CRPF अफसर और जवान हुए शामिल
करनाल जिले के भुंसली गांव में 5 दिसंबर 2025 को 67 बटालियन केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF) के शहीद हवलदार/जीडी भगवान सिंह की सुपुत्री का विवाह समारोह पूरे सम्मान और सादगी के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर CRPF के अधिकारीगण और जवान बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

समारोह में ग्रुप केंद्र CRPF सोनीपत के उप महानिरीक्षक (DIG) श्री कोमल सिंह के मार्गदर्शन में 67 बटालियन के कमांडेंट बालकृष्ण राम, अन्य अधिकारी और जवान शामिल हुए। सभी ने शहीद भगवान सिंह के परिवार से मुलाकात की और उनकी बेटी को आशीर्वाद देकर नवविवाहित जोड़े के सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।

अधिकारियों और जवानों की उपस्थिति ने न सिर्फ परिवार का मनोबल बढ़ाया, बल्कि यह भी स्पष्ट किया कि बल अपने शहीद साथियों के परिवारों को हमेशा सम्मान और सहयोग प्रदान करता है। समारोह के दौरान ग्रामीणों ने भी CRPF के इस मानवीय पहल की सराहना की।
CRPF के जवानों ने शहीद परिवार के प्रति अपने दायित्व और आत्मीयता को प्रदर्शित करते हुए शादी की रस्मों में सक्रिय रूप से भाग लिया। यह अवसर भावुकता और गर्व से भरपूर रहा, जहां सभी ने शहीद भगवान सिंह के बलिदान को नमन किया और उनके परिवार के प्रति एकजुटता का संदेश दिया।

