CISF जवान कर्मवीर यादव की हत्या! पत्नी ने 55 बार किया फोन, नहीं उठा मोबाइल
गोरखपुर: घर लौटने से पहले पत्नी को फोन कर बेटी से बात कराने की इच्छा जताने वाले सीआईएसएफ जवान कर्मवीर यादव की मौत ने परिवार को झकझोर दिया। जब उनका शव तिरंगे में लिपटकर घर पहुंचा तो पत्नी प्रतिमा चीख पड़ीं। उन्होंने कहा कि पति ने आखिरी बार बेटी से बात करने के लिए फोन किया था, लेकिन बेटी के सोने के कारण वह उसे बुलाने नहीं गईं। इसके बाद उन्होंने करीब 55 बार पति के मोबाइल पर कॉल की, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।
गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र में कालेसर जीरो प्वाइंट के पास बोक्टा-बरवार बांध के किनारे 4 अक्टूबर की देर रात सीआईएसएफ जवान कर्मवीर यादव (38) अचेत अवस्था में मिले थे। पुलिस उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सिर पर चोट के निशान, हत्या की जांच शुरू
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जवान के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या की जांच शुरू कर दी है। जवान के पिता दिनेश चंद्र यादव की तहरीर पर गीडा पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की धारा में एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस अब हत्या के कारण और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों के साथ ही जवान के संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पत्नी ने 55 बार किया फोन
मृतक की पत्नी प्रतिमा ने बताया कि रविवार रात उन्होंने पति के मोबाइल पर करीब 55 बार फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। बाद में देवर के माध्यम से उन्हें कर्मवीर के अस्पताल में होने की जानकारी मिली।
परिजन अस्पताल पहुंचे तो कर्मवीर का शव सफेद कपड़े में लिपटा हुआ था। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। उनकी 12 वर्षीय इकलौती बेटी रिया अपनी मां को बार-बार शांत कराने की कोशिश करती रही।
छुट्टी लेकर गांव लौट रहे थे कर्मवीर
परिजनों के मुताबिक कर्मवीर रविवार को छुट्टी लेकर गांव लौट रहे थे। ट्रेन छूट जाने के बाद उन्होंने किराये की गाड़ी से घर आने का फैसला किया था। देर रात करीब 12 बजे कालेसर जीरो प्वाइंट के पास बोक्टा-बरवार बांध के किनारे वह अचेत अवस्था में मिले।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले गई। उनकी जेब से मिले सीआईएसएफ के पहचान पत्र के आधार पर उनकी पहचान हुई।
कर्मवीर की सीआईएसएफ में दीवान पद पर तैनाती करीब दो साल पहले धनबाद में हुई थी। उनकी शादी 12 साल पहले हुई थी। उनकी एक बेटी रिया यादव है, जो कक्षा 7 में पढ़ती है।
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस और सीआईएसएफ जवानों की मौजूदगी में कर्मवीर यादव का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके पिता दिनेश चंद्र यादव ने मुखाग्नि दी।
किराये की गाड़ी और टोल प्लाजा की CCTV फुटेज खंगालेगी पुलिस
पुलिस उस किराये की गाड़ी के बारे में जानकारी जुटा रही है, जिससे कर्मवीर धनबाद से गांव लौट रहे थे। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि गाड़ी में उनके अलावा और कौन-कौन सवार था और रास्ते में गाड़ी किन स्थानों पर रुकी थी।
पुलिस कालेसर और आसपास के टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालने की तैयारी में है। इससे गाड़ी की आवाजाही और उसमें सवार लोगों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
सीओ ने कहा- साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
सीओ गीडा आभा सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और मृतक के संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

