देहरादून: ‘प्राइड मूवमेंट सम्मान समारोह’ में सीएम धामी ने SSB जवानों का किया सम्मान
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून स्थित अपने आधिकारिक आवास पर आयोजित ‘प्राइड मूवमेंट सम्मान समारोह’ में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने सशस्त्र सीमा बल (SSB) के अधिकारियों और जवानों के साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। यह कार्यक्रम अर्पित फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया गया था।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बीते छह दशकों से सशस्त्र सीमा बल देश की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा रहा है। आंतरिक सुरक्षा, सीमा प्रबंधन, आतंकवाद, नक्सलवाद और आपदा प्रबंधन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में एसएसबी के जवान अदम्य साहस और निष्ठा के साथ सेवा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसएसबी के जवान जहां दिन-रात सीमाओं की सुरक्षा में तैनात रहते हैं, वहीं खेल, सामाजिक कार्यों और आपदा राहत में भी उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है और आज देश रक्षा उपकरणों के निर्यात में अग्रणी देशों में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से दुनिया ने भारत के स्वदेशी हथियारों की ताकत को देखा और सराहा है।
सीएम धामी ने यह भी कहा कि राज्य सरकार सेना और अर्धसैनिक बलों के जवानों तथा उनके परिवारों के कल्याण के लिए लगातार नए निर्णय ले रही है। उन्होंने बताया कि शहीद जवानों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। साथ ही, वीरता पदक से सम्मानित सैनिकों को दिए जाने वाले मानदेय में भी वृद्धि की गई है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एसएसबी के जवानों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सुरक्षित भारत के निर्माण में उनके योगदान के लिए शुभकामनाएं दीं।

