SSB जवान ने सर्विस राइफल से की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
कन्हौली थाना क्षेत्र स्थित SSB-51 बटालियन के रामनगरा बीओपी कैंप में शनिवार सुबह एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल (इंसास) से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही अन्य जवान मौके पर पहुंचे तो देखा कि जवान बैरक की दीवार के पीछे खून से लथपथ गिरा पड़ा था और उसकी राइफल पास में ही पड़ी थी। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक जवान की पहचान पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के हाबड़ा निवासी नित्यानंद बराल के पुत्र नयन बराल (31) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार, जवान नयन बराल लरकवा चेक पोस्ट पर ड्यूटी करने के बाद सुबह करीब सात बजे कैंप लौटा था। इसी दौरान उसने अपनी सर्विस राइफल से गर्दन में गोली मार ली। एक गोली उसके गर्दन को भेदते हुए सिर में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इधर, कैंप में हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। जवान के पारिवारिक विवाद की आशंका भी जताई जा रही है, लेकिन कमांडेंट संजीव कुमार ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी।
जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की तीन सदस्यीय टीम—डॉ. शाहिद परवेज, डॉ. अजीत कुमार शर्मा और डॉ. संजय साहनी—ने पोस्टमार्टम किया।
पुलिस और एसएसबी की आंतरिक जांच टीमें घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। घटना ने बटालियन के जवानों में भी शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।

