NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

BSF NEWS

मेरठ में BSF जवान की गोली मारकर हत्या, घर में घुसकर वारदात को दिया अंजाम

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के एक जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाश ने घर में घुसकर सो रहे जवान पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है।

छुट्टी पर घर आए थे जवान

इंचौली थाना क्षेत्र के धनपुर गांव निवासी नैन सिंह (38) BSF में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। उनकी पोस्टिंग पश्चिम बंगाल में थी। वह 6 मार्च को छुट्टी लेकर घर आए थे और 2 अप्रैल को वापस ड्यूटी पर लौटने वाले थे।

शनिवार देर शाम वारदात के समय नैन सिंह घर पर सो रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक घर में घुसा और उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

गोली की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीण

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी अविनाश पांडे, इंचौली थाना पुलिस और सीओ सदर देहात सुधीर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

परिवार के सदस्य घर पर नहीं थे

घटना के समय नैन सिंह की पत्नी कोमल अपने बच्चों रिमी (12) और आयुष (7) के साथ मायके गई हुई थीं। मां विमला मेरठ में बेटी के घर थीं, जबकि पिता खेत पर और छोटा भाई प्रदीप मोदीनगर काम पर गया हुआ था। घर में केवल नैन सिंह और उनके भाई की पत्नी मौजूद थीं।

पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका

परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि गांव के एक युवक से नैन सिंह की पुरानी रंजिश चल रही थी। तीन दिन पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था और घटना वाले दिन भी झगड़ा हुआ था। पुलिस इसी एंगल से जांच कर रही है।

गांव में आक्रोश, भारी पुलिस बल तैनात

BSF जवान की हत्या के बाद धनपुर गांव में लोगों में भारी गुस्सा है। स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

पुलिस ने आश्वासन दिया है कि घटना में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Editorial Desk – News of Paramilitary

Editorial Desk, News of Paramilitary, covers verified news, policy updates and field reports related to India’s Paramilitary Forces. Content is published following strict editorial standards.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page