ITBP जवान साइबर ठगी का शिकार, टेलीकॉम और सीबीआई अधिकारी बनकर उड़ाए 4.50 लाख रुपये
बरेली। साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए खुद को टेलीकॉम विभाग और सीबीआई अधिकारी बताकर ITBP के एक जवान से 4.50 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आईटीबीपी के बुखारा कैंप में तैनात जवान महेश चंद्र उपाध्याय को एक अज्ञात नंबर से कॉल मिली। कॉलर ने खुद को टेलीकम्युनिकेशन विभाग का अधिकारी संदीप कुमार बताया और कहा कि उनके नाम पर एक फर्जी मोबाइल नंबर जारी हुआ है, जिसे दिल्ली के कनॉट प्लेस में महिलाओं से बदसलूकी के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। कॉलर ने धमकी दी कि शिकायत गंभीर है, इसलिए उनका मोबाइल नंबर जल्द ही बंद किया जाएगा और उन पर जांच बैठाई जाएगी।
थोड़ी देर बाद कॉल कथित रूप से दिल्ली क्राइम ब्रांच में ट्रांसफर कर दी गई। यहां दूसरे कॉलर ने खुद को सीबीआई अधिकारी आनंद राज बताया। उसने दावा किया कि जवान की आईडी का इस्तेमाल कर दिल्ली में एक फर्जी बैंक खाता खोला गया है, जिसके जरिए मनी लॉन्ड्रिंग हो रही है। मामले को गंभीर बताते हुए ठगों ने जांच में सहयोग के नाम पर अलग-अलग खातों में रुपये ट्रांसफर कराने शुरू कर दिए।
दहशत में आए जवान महेश ने ठगों की बातों पर विश्वास कर अपनी और पत्नी हेमा उपाध्याय के खाते से मिलाकर करीब 4.50 लाख रुपये भेज दिए। बाद में शक होने पर उन्होंने अधिकारियों को घटना की जानकारी दी और साइबर क्राइम थाना पहुंचकर तहरीर दी।
साइबर क्राइम टीम ने मामला दर्ज कर लिया है और कॉल डिटेल, बैंक लेनदेन तथा संदिग्ध खातों की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों को सचेत करते हुए कहा है कि किसी भी सरकारी विभाग, एजेंसी या अधिकारी बनकर आने वाली संदिग्ध कॉल पर भरोसा न करें और तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।

