ग्रेटर नोएडा में ITBP जवान से ₹51 लाख की साइबर ठगी, फर्जी ट्रेडिंग ऐप के जाल में फंसे
साइबर ठगों ने शेयर बाजार में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर ITBP के एक जवान से करीब 51 लाख रुपये की ठगी कर ली। यह मामला ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर क्षेत्र का है, जहां सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आई एक महिला ने फर्जी ट्रेडिंग ऐप पर निवेश कराकर जवान का भरोसा जीता और फिर धीरे-धीरे बड़ी रकम हड़प ली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित जवान राजेश कुमार मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के गुमझून गांव के रहने वाले हैं और वर्तमान में ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर इलाके में निवास कर रहे हैं। राजेश कुमार आईटीबीपी में तैनात हैं। 26 अगस्त को सोशल मीडिया पर उनकी बातचीत ईशा देशाई नाम की महिला से शुरू हुई। महिला ने खुद को शेयर बाजार की विशेषज्ञ बताते हुए दावा किया कि वह अपने मार्गदर्शन में निवेश कराकर 30 प्रतिशत तक मुनाफा दिला सकती है।
महिला ने राजेश कुमार को “गो मार्केट ग्लोबल सीएस प्लेटफॉर्म” नाम के एक ऐप का लिंक भेजा और उसे डाउनलोड कर पंजीकरण कराया। शुरुआत में राजेश ने केवल 10 हजार रुपये का निवेश किया। कुछ ही दिनों में ऐप पर उन्हें 5 हजार रुपये का मुनाफा दिखाया गया, जो उनके बैंक खाते में भी ट्रांसफर हो गया। इससे ठगों पर उनका भरोसा और मजबूत हो गया।
छोटे मुनाफे से भरोसा, फिर लाखों की ठगी
शुरुआती मुनाफा दिखाने के बाद महिला और उसके साथी लगातार अधिक निवेश के लिए उकसाते रहे। बड़े मुनाफे के सपने दिखाकर राजेश से अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर कराए गए। 6 नवंबर तक राजेश कुमार ने कई किश्तों में कुल करीब 51 लाख रुपये निवेश कर दिए। फर्जी ऐप पर उनका पोर्टफोलियो एक करोड़ रुपये से अधिक का दिखने लगा।
जब राजेश ने पूरी रकम निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने नया पैंतरा अपनाया। उनसे कहा गया कि पैसे निकालने के लिए पहले टैक्स और ट्रांसफर फीस के नाम पर और रकम जमा करनी होगी। इस पर राजेश को ठगी का शक हुआ और उन्होंने और पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद ठगों ने उनसे संपर्क तोड़ लिया। मोबाइल नंबर बंद कर दिए गए और ऐप पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी
ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज किया गया। साइबर क्राइम थाना प्रभारी विजय सिंह राणा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और ऐप से जुड़ी जानकारियों की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या मैसेजिंग ऐप्स पर शेयर बाजार में गारंटीड मुनाफे का दावा करने वालों से सावधान रहें। किसी भी अनजान ऐप या लिंक पर निवेश करने से पहले उसकी प्रामाणिकता की पूरी जांच करें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।

