चुनावी ड्यूटी के चलते CRPF में ‘समर चेन ट्रांसफर’ पर फिर लगी रोक
देश के सबसे बड़े केंद्रीय अर्धसैनिक बल Central Reserve Police Force (CRPF) में लगातार दूसरे साल ‘समर चेन ट्रांसफर’ (SCT) प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई है। बल मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, इस वर्ष ट्रांसफर प्रक्रिया को 15 मई तक स्थगित कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, जिन कार्मिकों और एग्जीक्यूटिव अधिकारियों के तबादले पहले ही किए जा चुके हैं, उन्हें फिलहाल रिलीव नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित कर्मियों को अपने वर्तमान तैनाती स्थल पर ही बने रहने के निर्देश दिए गए हैं।
इस फैसले के पीछे मुख्य वजह आगामी विधानसभा चुनाव बताए जा रहे हैं। दरअसल, असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में अप्रैल और मई के दौरान विधानसभा चुनाव होने हैं। इन चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए बड़े पैमाने पर केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है।
CRPF में हर साल ‘समर चेन ट्रांसफर’ प्रक्रिया आमतौर पर मार्च तक पूरी कर ली जाती है और 31 मार्च तक संबंधित कर्मचारियों को नई तैनाती के लिए रिलीव कर दिया जाता है। यह पूरी प्रक्रिया ‘संतोष’ सॉफ्टवेयर के जरिए संचालित होती है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के चलते ट्रांसफर प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई थी। उस दौरान परिचालन आवश्यकताओं को देखते हुए सभी कर्मियों को अपने वर्तमान स्थान पर ही बने रहने का निर्देश दिया गया था।
इस बार भी चुनावी ड्यूटी को प्राथमिकता देते हुए CRPF ने यह फैसला लिया है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न आए और चुनाव प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
(SOURCE – AMAR UJALA)

