कौन हैं CRPF की सिमरन बाला? 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर रचेंगी इतिहास ,पुरुष टुकड़ी का करेंगी नेतृत्व
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की सहायक कमांडेंट सिमरन बाला 26 जनवरी 2026 को दिल्ली के कर्तव्य पथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में इतिहास रचने जा रही हैं। वह इस राष्ट्रीय समारोह में पहली महिला अधिकारी होंगी, जो सीआरपीएफ की 140 से अधिक पुरुष जवानों की टुकड़ी का नेतृत्व करेंगी।

इससे पहले महिला सीआरपीएफ अधिकारी गणतंत्र दिवस परेड में विभिन्न टुकड़ियों की कमान संभाल चुकी हैं, लेकिन पुरुष टुकड़ी की अगुवाई करने का यह पहला अवसर है। यह उपलब्धि न सिर्फ सीआरपीएफ बल्कि देश के सभी अर्द्धसैन्य बलों के लिए एक ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है।
जम्मू-कश्मीर के राजौरी से कर्तव्य पथ तक का सफर
26 वर्षीय सिमरन बाला जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले की रहने वाली हैं। वह अपने जिले से अधिकारी रैंक में सीआरपीएफ में शामिल होने वाली पहली महिला हैं। सिमरन बाला ने जम्मू के गांधी नगर स्थित सरकारी महिला कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक की पढ़ाई की है।
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित CAPF सहायक कमांडेंट परीक्षा पास करने के बाद उन्होंने अप्रैल 2025 में सीआरपीएफ जॉइन किया। इसके बाद गुरुग्राम स्थित सीआरपीएफ अकादमी में प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्हें प्रशिक्षण में ‘सर्वश्रेष्ठ अधिकारी’ और जन व्याख्यान विषय में पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
पहली पोस्टिंग बस्तरिया बटालियन में
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सिमरन बाला की पहली तैनाती छत्तीसगढ़ की ‘बस्तरिया’ बटालियन में हुई, जहां उन्हें नक्सल विरोधी अभियानों की जिम्मेदारी सौंपी गई। सीआरपीएफ देश का सबसे बड़ा आंतरिक सुरक्षा बल है, जिसके करीब 3.25 लाख जवान देशभर में तैनात हैं। बल की प्रमुख जिम्मेदारियों में नक्सल विरोधी अभियान, जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद रोधी ऑपरेशन और पूर्वोत्तर में उग्रवाद विरोधी कार्रवाइयां शामिल हैं।
गणतंत्र दिवस परेड में दिखेगी महिला शक्ति
हर साल 26 जनवरी को आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में भारत की सैन्य ताकत और सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिलती है। परेड रायसीना हिल से शुरू होकर कर्तव्य पथ होते हुए इंडिया गेट तक जाती है। इस वर्ष की परेड में महिला शक्ति की खास झलक देखने को मिलेगी।
सीआरपीएफ और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की महिला ‘डेयर डेविल्स’ की संयुक्त टीम भी परेड में शामिल होगी, जो एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिलों पर करतब दिखाएगी। इससे पहले 2020 के गणतंत्र दिवस पर भी इन महिला जवानों ने यह साहसिक प्रदर्शन किया था। इसके अलावा, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) का पैदल दस्ता और बैंड टीम परेड में शामिल होगी, जबकि सीमा सुरक्षा बल (BSF) की ऊंट सवार टुकड़ी और बैंड टीम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

