NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

CRPF NEWS

CRPF जवान ने पत्नी की हत्या की: डीग के पिचूमर गांव में शराब के नशे में दिल दहला देने वाली वारदात

राजस्थान के डीग जिले के कुम्हेर थाना क्षेत्र के पिचूमर गांव से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। देश की सुरक्षा में तैनात एक CRPF कॉन्स्टेबल पर अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि शराब के नशे में धुत जवान ने पहले पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट की, फिर पत्नी का गला दबाकर जबरन जहर पिला दिया। इस दौरान मासूम बच्चे अपनी मां को बचाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला किया।

छुट्टी पर आया था CRPF जवान

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी लालचंद (35) केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात है। वह कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव पिचूमर आया था। मृतका की पहचान कविता (28) के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि लालचंद शराब पीने का आदी था और अक्सर कविता के साथ मारपीट करता था।

बच्चों के सामने की गई बेरहमी

परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 1 बजे लालचंद शराब के नशे में घर पहुंचा और कविता के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर उसने कविता के साथ मारपीट की। शोर सुनकर कविता के दोनों बेटे—8 साल का लव और 2 साल का कुश—अपनी मां को बचाने आए, लेकिन आरोपी ने उन मासूम बच्चों को भी बेरहमी से पीटा। इसके बाद लालचंद ने कथित तौर पर कविता का गला दबाया और उसे जबरन जहर पिला दिया।

अस्पताल में मृत घोषित

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। कविता की बड़ी बहन ममता, जिसकी शादी आरोपी के बड़े भाई से हुई है, शोर सुनकर कमरे में पहुंची। कविता बेसुध हालत में पड़ी थी। परिजन रात करीब 2 बजे उसे डीग के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पिता ने लगाया हत्या का आरोप

मृतका के पिता रामधन मीणा, निवासी बड़ोदकान (कठूमर, अलवर), ने पुलिस को दी शिकायत में दामाद पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि शादी के 10 साल बाद भी लालचंद की आदतों में कोई सुधार नहीं हुआ था और वह लगातार उनकी बेटी को प्रताड़ित करता था। परिवार ने कई बार समझौता कर कविता को ससुराल वापस भेजा, लेकिन इस बार उसे अपनी बेटी की जान गंवानी पड़ी।

पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला

कुम्हेर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पीहर पक्ष की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी लालचंद और उसके परिवार के कुछ सदस्य घटना के बाद से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं।

घरेलू हिंसा और शराब बनी वजह

पुलिस की प्रारंभिक जांच में घरेलू हिंसा और शराब की लत को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। गांव में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है और लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Spread the love

Editorial Desk – News of Paramilitary

Editorial Desk, News of Paramilitary, covers verified news, policy updates and field reports related to India’s Paramilitary Forces. Content is published following strict editorial standards.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page