NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

CRPF NEWS

10 साल की बच्ची से मारपीट के आरोप में CRPF जवान और उसकी पत्नी गिरफ्तार, पीड़िता वेंटिलेटर पर : नोएडा कैंप की घटना

सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) के एक जवान और उसकी पत्नी को 10 साल की नाबालिग बच्ची के साथ गंभीर मारपीट और उत्पीड़न के आरोप में नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बच्ची इस वक्त नोएडा के सेक्टर-128 स्थित मैक्स अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर जिंदगी और मौत से जूझ रही है।

आरोपी जवान कांस्टेबल जीडी तारिक अनवर जनवरी 2024 से CRPF की 235वीं बटालियन में तैनात था। यह बटालियन फोर्स की विशेष VIP सुरक्षा विंग से जुड़ी है। वह नोएडा स्थित CRPF अस्पताल में फर्स्ट एड रेस्पॉन्डर के तौर पर कार्यरत था। घटना सामने आने के बाद CRPF ने आरोपी जवान को तत्काल सस्पेंड कर दिया है और विभागीय जांच शुरू कर दी है।

कैंप क्वार्टर में रखी गई थी बच्ची

पुलिस के अनुसार, आरोपी दंपती ने बिना विभागीय अनुमति के नाबालिग लड़की को ग्रेटर नोएडा स्थित CRPF कैंप के भीतर अपने सरकारी क्वार्टर में रखा हुआ था। बच्ची से घरेलू काम और बच्चों की देखभाल कराई जाती थी।
14 और 15 जनवरी 2026 की दरमियानी रात बच्ची के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसे सिर, छाती और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती

घटना के बाद बच्ची को पहले बिसरख स्थित सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई और ICU व वेंटिलेटर सपोर्ट की सलाह दी। मेडिकल रिपोर्ट में बच्ची के शरीर पर पुरानी और नई कई चोटें, पसलियों के टूटने, नाखून फटे होने और अत्यधिक कुपोषण के संकेत मिले।
डॉक्टरों के अनुसार बच्ची का हीमोग्लोबिन स्तर सिर्फ 1.9 था, जो लंबे समय तक उपेक्षा और अत्याचार की ओर इशारा करता है।

FIR के मुताबिक, आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए आरोपी दंपती बच्ची को मेडिकल सलाह के खिलाफ अस्पताल से डिस्चार्ज करवा कर ले गए। बाद में हालत और बिगड़ने पर उसे मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह अब वेंटिलेटर पर है।

बाथरूम में गिरने’ की कहानी

अस्पताल में भर्ती कराते समय आरोपी दंपती ने दावा किया कि बच्ची रात में बाथरूम में गिर गई थी। हालांकि मेडिकल जांच में यह दावा गलत पाया गया। डॉक्टरों को बच्ची के चेहरे, आंखों के आसपास, गर्दन, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले।

FIR और पुलिस कार्रवाई

CRPF के एक असिस्टेंट कमांडेंट स्तर के अधिकारी ने इस मामले में पुलिस और जिला बाल कल्याण समिति को लिखित शिकायत दी थी और बाल श्रम, तस्करी तथा नाबालिग के साथ गंभीर दुर्व्यवहार की धाराएं लगाने की मांग की थी। इसके बाद इकोटेक-3 थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर 18 जनवरी को कांस्टेबल तारिक अनवर और उसकी पत्नी रिम्पा खातून को गिरफ्तार कर लिया।

सेंट्रल नोएडा के DCP शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि आरोपी छोटी-छोटी बातों पर बच्ची को प्रताड़ित करते थे और शारीरिक रूप से मारपीट करते थे। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है।

CRPF का बयान

CRPF के प्रवक्ता ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी जवान को सस्पेंड कर दिया गया है और पूरे मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
आधिकारिक बयान में कहा गया,
“CRPF पुलिस जांच में हर संभव सहयोग करेगी और पीड़ित बच्ची के इलाज में पूरी मदद देगी।”

CRPF सूत्रों के मुताबिक, फोर्स के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने नोएडा पुलिस से बात कर बच्ची के सभी मेडिकल खर्च उठाने का आश्वासन दिया है।

फिलहाल बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है और पुलिस, बाल कल्याण समिति व CRPF तीनों स्तर पर जांच जारी है।

Spread the love

Editorial Desk – News of Paramilitary

Editorial Desk, News of Paramilitary, covers verified news, policy updates and field reports related to India’s Paramilitary Forces. Content is published following strict editorial standards.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page