छत्तीसगढ़ में तैनात CRPF जवान चंद्रशेखर योगी का निधन, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई
आगरा जिले के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के गांव सिरौली निवासी CRPF जवान चंद्रशेखर योगी का 28 जनवरी को छत्तीसगढ़ में बीमारी के चलते निधन हो गया। वह केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में तैनात थे। जवान के निधन की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।
थाना प्रभारी आनंद वीर सिंह के अनुसार, जवान का पार्थिव शरीर मंगलवार देर रात गांव सिरौली पहुंचा। इसके बाद अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीण और आसपास के इलाकों के लोग उमड़ पड़े। माहौल गमगीन हो गया और हर आंख नम दिखी।
देर रात सैन्य सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ जवान चंद्रशेखर योगी को अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘चंद्रशेखर योगी अमर रहे’ के नारों से पूरा गांव गूंज उठा।
अंतिम संस्कार के समय ग्राम प्रधान नरेश कुमार, अशोक कुमार, ब्लॉक प्रमुख गुड्डू चाहर, समाजसेवी सुनील कुमार पाराशर, बंसी जाट, मिथुन राजपूत सहित सैकड़ों लोगों ने दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
गांव सिरौली ने अपने वीर सपूत को नम आंखों से विदा किया। जवान चंद्रशेखर योगी का बलिदान और सेवा सदैव लोगों के दिलों में जीवित रहेगी।

