सीएम धामी पहुंचे हल्द्वानी CRPF कैंप: पूर्व अर्द्धसैनिक सम्मेलन में हुए शामिल, वीरांगनाओं को किया सम्मानित
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को गौलापार स्थित CRPF कैंप में आयोजित पूर्व अर्द्धसैनिक सैनिक सम्मेलन में शामिल हुए। कार्यक्रम में सीआरपीएफ, बीएसएफ, एसएसबी और आईटीबीपी के पूर्व सैनिकों, वर्तमान जवानों और उनके परिजनों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री धामी ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके अदम्य साहस तथा सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में सेना के साथ-साथ अर्द्धसैनिक बलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कठिन परिस्थितियों में तैनात जवान सीमाओं पर चौबीसों घंटे देश की रक्षा करते हैं, जो राष्ट्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कुमाऊं मंडल से पहुंचे पूर्व जवान
सम्मेलन में कुमाऊं मंडल के विभिन्न जिलों से पहुंचे पूर्व अर्द्धसैनिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, हल्द्वानी मेयर और अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने कार्यक्रम में वीरांगनाओं को सम्मानित करते हुए कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और अर्द्धसैनिक बलों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार सैनिक परिवारों को सभी संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की वीरभूमि ने देश को सदैव बहादुर सैनिक और जांबाज योद्धा दिए हैं, जिन पर पूरे देश को गर्व है।

