जैसलमेर दौरे पर CJI ने BSF के शौर्य की सराहना, सीमा पर जवानों से की मुलाकात
जैसलमेर। भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने शनिवार को भारत–पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के जैसलमेर सेक्टर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के तहत सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों द्वारा अत्यंत कठिन परिस्थितियों और संभावित दुश्मन खतरों के बावजूद अदम्य साहस, सतर्कता और तत्परता के साथ निभाई गई जिम्मेदारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बीएसएफ कर्मियों का समर्पण न केवल प्रशंसनीय है, बल्कि देशवासियों के लिए प्रेरणादायक भी है।
सीजेआई ने भारत–पाक सीमा के निकट स्थित तनोट माताेश्वरी मंदिर में दर्शन कर देश में शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर परिसर में स्थित विजय स्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पित कर राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात बीएसएफ की विशेष टुकड़ी द्वारा मुख्य न्यायाधीश को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।
दौरे के दौरान सीजेआई ने सीमा चौकी का भी निरीक्षण किया और वहां तैनात बीएसएफ के पुरुष व महिला जवानों से संवाद किया। उन्होंने जवानों की कार्य परिस्थितियों की जानकारी ली तथा विषम भौगोलिक और कठोर जलवायु में देश की सुरक्षा में जुटे कर्मियों का मनोबल बढ़ाया।
इस अवसर पर एम. एल. गर्ग, महानिरीक्षक, फ्रंटियर मुख्यालय जोधपुर, जतिंदर सिंह बिंजी, उप महानिरीक्षक, क्षेत्रीय मुख्यालय जैसलमेर-उत्तर, नीरज शर्मा, कमांडेंट सहित बीएसएफ के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
(SOURCE – TOI)

