चुनावी ड्यूटी पर जा रहे CISF सब-इंस्पेक्टर की ट्रेन से गिरकर मौत; गया-मुगलसराय रेलखंड पर हुआ हादसा
बारूण/अंबा (औरंगाबाद): गया–दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड पर ट्रेन से गिरने के कारण केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के एक सब इंस्पेक्टर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से सुरक्षा बलों में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक की पहचान आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले के इल्लुर निवासी गोपी रेड्डी हेमनाथ (31 वर्ष) के रूप में हुई है। वह CISF में सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत थे और वर्तमान में दिल्ली मेट्रो में तैनात थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोपी रेड्डी हेमनाथ चुनाव ड्यूटी के लिए पश्चिम बंगाल जा रहे थे। इसी दौरान यात्रा के दौरान अज्ञात परिस्थितियों में ट्रेन से गिरने के कारण उनकी मौत हो गई। घटना का पता तब चला जब सोननगर के पास गया-डेहरी डाउन लाइन पर रेलवे ट्रैक संख्या 546/20 के समीप उनका शव बरामद किया गया।
बारूण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से गिरकर मौत होने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और अन्य संभावनाओं को भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव को CISF कंपनी के अधिकारियों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिजनों एवं सुरक्षा बल के जवानों में शोक का माहौल है।

