CISF एएसआई रीनू ने नेवी हाफ मैराथन में जीता स्वर्ण पदक, बल का नाम किया रोशन
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की एएसआई/एक्जीक्यूटिव रीनू ने चेन्नई में आयोजित प्रतिष्ठित नेवी हाफ मैराथन में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सेंट्रल एथलेटिक्स टीम की सदस्य रीनू ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया।

हरियाणा के हिसार की रहने वाली रीनू वर्ष 2021 में सीआईएसएफ में शामिल हुई थीं। सेवा में आने के बाद से ही उन्होंने एथलेटिक्स में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इससे पहले भी रीनू विश्व पुलिस खेल सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।
सीआईएसएफ अधिकारियों ने रीनू की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि बल अपने खिलाड़ियों को आधुनिक खेल अवसंरचना और उच्चस्तरीय कोचिंग की सुविधा प्रदान करता है, जिससे वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और बल का गौरव बढ़ा रहे हैं। बल ने रीनू को इस सफलता के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

