भोपाल में CISF जवान ने फांसी लगाकर दी जान, नहीं मिला सुसाइड नोट
भोपाल। गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के एक जवान ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय अभय मिश्रा के रूप में हुई है, जो गुना बटालियन में पदस्थ थे।
जानकारी के अनुसार, अभय मिश्रा भोपाल में भर्ती प्रक्रिया के चलते ड्यूटी पर आए हुए थे। वे भेल गोविंदपुरा स्थित CISF के रूम नंबर-10 में ठहरे हुए थे। यहीं उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, अभय अविवाहित थे और उनके परिवार में माता-पिता तथा बड़ा भाई शामिल हैं। उनके बड़े भाई आदित्य मिश्रा वर्तमान में सीमा सुरक्षा बल (BSF) में पदस्थ हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने सुबह करीब 9 बजे परिजनों को सूचित कर दिया। परिजनों के भोपाल पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
गोविंदपुरा थाना पुलिस ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।

