टाटानगर स्टेशन पर BSF जवान और RPF में मारपीट,8 घंटे हिरासत में रखा
झारखंड के टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब BSF के एक जवान और रेलवे सुरक्षा बल (RPF ) के जवानों के बीच झड़प हो गई। ट्रैक पार करने को लेकर शुरू हुई यह नोंक-झोंक मारपीट में बदल गई, जिसमें बीएसएफ जवान को पीटने और परिवार सहित लंबे समय तक हिरासत में रखने के आरोप लगे हैं।
बीएसएफ जवान आलोक रंजन ने बताया कि वे अपने परिवार (पत्नी अर्पणा और एक साल के बच्चे) के साथ कटिहार एक्सप्रेस से बेगूसराय से टाटानगर पहुंचे थे। सामान लेकर वे पैदल ट्रैक पार कर रहे थे, तभी आरपीएफ की महिला जवान आनंदिता बारिक ने उन्हें रोका। इससे दोनों के बीच बहस शुरू हुई, जो धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। महिला जवान ने अपने साथियों को फोन कर बुलाया, जिसके बाद चार आरपीएफ जवान मौके पर पहुंचे।
आरोप है कि इन जवानों ने बीएसएफ जवान की जमकर पिटाई की और उन्हें पत्नी व बच्चे के साथ थाने ले जाकर आठ घंटे तक हिरासत में रखा। तबीयत बिगड़ने पर जवान को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बीएसएफ जवान की पत्नी अर्पणा ने कहा कि महिला आरपीएफ जवान ने उनके बैग को पैर से ठोका और उन्हें गालियां दीं। मदद के लिए पहुंचे आरपीएफ जवानों ने उनके पति को पीटा और उन्हें भी धक्का देकर गिरा दिया, जिससे बच्चे के सिर पर चोट आई।
दूसरी ओर, आरपीएफ की महिला आरक्षी आनंदिता बारिक का कहना है कि बीएसएफ जवान प्लेटफॉर्म नंबर दो से ट्रैक पार कर रहे थे। जब उन्होंने रोका तो जवान ने उनके साथ बदसलूकी की।इस घटना के बाद दोनों पक्षों ने टाटानगर रेल थाने में एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

