NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

BSF NEWS

जैसलमेर में BSF जवानों के लिए हेल्थ एटीएम शुरू, सीमा पर मिलेगी हाईटेक स्वास्थ्य सुविधा

जैसलमेर। देश की सुरक्षा में फर्स्ट लाइन ऑफ डिफेंस कही जाने वाली सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों की सेहत को लेकर एक अहम और सराहनीय पहल सामने आई है। बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय जैसलमेर नॉर्थ और साउथ में अत्याधुनिक हेल्थ एटीएम सुविधाओं का शुभारंभ किया गया है। यह पहल मानव विकास संस्था (MVS India) और एनआईआईएफ इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस लिमिटेड के सीएसआर सहयोग से प्रोजेक्ट आरोग्य के तहत शुरू की गई है।

जैसलमेर नॉर्थ सेक्टर मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में आईजी एम. एल. गर्ग ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हेल्थ एटीएम मशीन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी, जवान और मानव सेवा संस्थान के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

आईजी एम. एल. गर्ग ने कहा कि हेल्थ एटीएम की शुरुआत से सीमावर्ती और दुर्गम इलाकों में तैनात जवानों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का एक नया अध्याय शुरू हुआ है। यह सुविधा न केवल बीएसएफ जवानों के लिए बल्कि आसपास के सीमावर्ती ग्रामीणों के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी, जिन्हें अब आधुनिक चिकित्सा जांच की सुविधा पास में ही उपलब्ध हो सकेगी।

सीमा क्षेत्र में तेज और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं

मरुस्थलीय और दुर्गम सीमा क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की चुनौती को देखते हुए हेल्थ एटीएम को एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। योजना के तहत जैसलमेर फ्रंटियर में सात रणनीतिक बीएसएफ लोकेशनों पर ये मशीनें स्थापित की गई हैं। हेल्थ एटीएम के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य जांच कुछ ही मिनटों में संभव हो सकेगी और डिजिटल हेल्थ मॉनिटरिंग के जरिए समय पर इलाज में मदद मिलेगी। इससे जवानों को छोटी-छोटी जांच के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

50 से अधिक जांच, 15 मिनट में रिपोर्ट

हेल्थ एटीएम में एकीकृत तकनीक के जरिए 50 से अधिक डायग्नोस्टिक टेस्ट किए जा सकते हैं। इनमें ऊंचाई, वजन, बॉडी मास इंडेक्स (BMI), दृष्टि परीक्षण, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, ईसीजी, ब्लड शुगर (RBS), HbA1C, लिपिड प्रोफाइल, SPO2, शरीर का तापमान, बॉडी फैट एनालिसिस सहित यूरिन और ब्लड के बेसिक पैरामीटर्स शामिल हैं।

इन सभी जांचों की रिपोर्ट 10 से 15 मिनट के भीतर उपलब्ध हो जाती है। मरीज को रिपोर्ट की प्रिंटेड कॉपी के साथ-साथ रिपोर्ट सीधे वॉट्सऐप पर भी भेजी जाती है, जिससे फॉलो-अप और उपचार संबंधी निर्णय लेना आसान हो जाता है।

निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईजी एम. एल. गर्ग ने कहा कि कठिन मरुस्थलीय परिस्थितियों में तैनात जवानों के लिए निवारक स्वास्थ्य सेवाएं बेहद जरूरी हैं। हेल्थ एटीएम से प्रारंभिक डायग्नोसिस मजबूत होगा, मेडिकल रिस्पॉन्स टाइम कम होगा और जवानों की सेहत की बेहतर निगरानी संभव हो सकेगी। उन्होंने डिजिटल हेल्थ सेवाओं के सफल संचालन के लिए MVS India की सराहना भी की।

इन सात स्थानों पर लगाए गए हेल्थ एटीएम

  • सेक्टर अस्पताल, बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय जैसलमेर नॉर्थ
  • मिनी हॉस्पिटल, बीओपी भरेवाला, 72 बटालियन बीएसएफ
  • मिनी हॉस्पिटल, ओपीएस बेस के.सी. कटोच, 38 बटालियन बीएसएफ
  • मिनी हॉस्पिटल, तनोट, 26 बटालियन बीएसएफ (जैसलमेर नॉर्थ)
  • सेक्टर अस्पताल, बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय जैसलमेर साउथ (122 बटालियन)
  • यूनिट हॉस्पिटल, 126 बटालियन बीएसएफ
  • यूनिट हॉस्पिटल, 192 बटालियन बीएसएफ

हेल्थ एटीएम की यह पहल न केवल बीएसएफ जवानों के स्वास्थ्य को सशक्त बनाएगी, बल्कि सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों के लिए भी आधुनिक चिकित्सा सेवाओं की एक नई उम्मीद लेकर आई है।

Spread the love

Editorial Desk – News of Paramilitary

Editorial Desk, News of Paramilitary, covers verified news, policy updates and field reports related to India’s Paramilitary Forces. Content is published following strict editorial standards.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page