श्रीगंगानगर में BSF भर्ती के दौरान मधुमक्खियों का हमला, 18 कैंडिडेट घायल, 3 की हालत गंभीर
श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर में बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) की भर्ती प्रक्रिया के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रनिंग टेस्ट दे रहे युवाओं पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस हादसे में 18 अभ्यर्थी घायल हो गए, जबकि 3 कैंडिडेट्स की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे 48वीं बटालियन BSF कैंप ग्राउंड में हुई। भर्ती के पहले बैच में करीब 100 अभ्यर्थी रनिंग टेस्ट में शामिल थे। इसी दौरान कैंप परिसर में पेड़ों पर लगे मधुमक्खियों के छत्तों से मधुमक्खियां अचानक झुंड में उड़कर ग्राउंड में आ गईं और दौड़ रहे अभ्यर्थियों पर हमला कर दिया।
हमले से घबराकर कैंडिडेट्स इधर-उधर भागने लगे, लेकिन मधुमक्खियों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। बताया जा रहा है कि इस हमले में करीब 60 अभ्यर्थियों को मधुमक्खियों ने डंक मारे। स्थिति बिगड़ने पर 18 घायलों को एम्बुलेंस के जरिए सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल 3 अभ्यर्थियों को इमरजेंसी वार्ड में रखा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही BSF के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों के अनुसार, आज भर्ती का पहला दिन था और कुल लगभग 700 अभ्यर्थी भर्ती में शामिल होने पहुंचे थे। हादसे के बाद प्रभावित बैच की रनिंग टेस्ट की तारीख आगे बढ़ा दी गई है।
BSF प्रशासन का कहना है कि सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और एहतियात के तौर पर कैंप परिसर में सुरक्षा एवं सतर्कता बढ़ा दी गई है। भर्ती प्रक्रिया आगे की तारीखों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराई जाएगी।

