NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

BSF NEWS

तरनतारन बॉर्डर पर BSF का बड़ा एक्शन: घुसपैठ की कोशिश कर रहा पाकिस्तानी स्मगलर ढेर

पंजाब के तरनतारन जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक पाकिस्तानी स्मगलर को मार गिराया। घटना मंगलवार देर रात खेमकरण सेक्टर में हुई, जब संदिग्ध व्यक्ति भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश कर रहा था।

बीएसएफ की सतर्कता के चलते उसकी घुसपैठ की कोशिश नाकाम हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने सर्च ऑपरेशन चलाया है और मामले की जांच जारी है।

कंटीली तार के पास दिखाई दिया संदिग्ध

जानकारी के मुताबिक, खेमकरण सेक्टर में बॉर्डर पोस्ट कालिया और नूर वाला के बीच बीएसएफ की 142 बटालियन के जवान गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें पाकिस्तान की तरफ से सीमा पार कर कंटीली तार के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया।

जवानों ने उसे रुकने के लिए कई बार चेतावनी दी, लेकिन वह आगे बढ़ता रहा। इसके बाद जवानों ने फायरिंग की, जिसमें वह मौके पर ही ढेर हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार वह हेरोइन की खेप लेकर भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहा था।

तलाशी में मिला संदिग्ध सामान

घटना के बाद बीएसएफ के जवानों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। मृत घुसपैठिए के पास से कुछ संदिग्ध सामान भी बरामद किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि यह सामान हेरोइन तस्करी से जुड़ा हो सकता है।

बताया जा रहा है कि इस दौरान कुछ अन्य पाकिस्तानी तस्कर भी मौजूद थे, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर पाकिस्तान की तरफ भागने में सफल रहे।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की सूचना मिलने के बाद वल्टोहा थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पट्टी के सिविल अस्पताल के मुर्दाघर में भेज दिया है।

बीएसएफ और पंजाब पुलिस मिलकर पूरे मामले की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

ड्रोन और घुसपैठ के जरिए बढ़ रही तस्करी

सीमा सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन और घुसपैठ के जरिए हेरोइन तस्करी की घटनाएं बढ़ी हैं। कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में एक पाकिस्तानी युवक को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था।

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि गेहूं की फसल कटने से पहले पाकिस्तानी तस्कर खेतों का फायदा उठाकर तस्करी की कोशिशें तेज कर देते हैं। इसी वजह से इन दिनों सीमा पर चौकसी और गश्त और भी कड़ी कर दी गई है।

Spread the love

Editorial Desk – News of Paramilitary

Editorial Desk, News of Paramilitary, covers verified news, policy updates and field reports related to India’s Paramilitary Forces. Content is published following strict editorial standards.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page