बिलासपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से छुट्टी पर आए CRPF जवान की मौत, दोस्त गंभीर घायल
बिलासपुर। जिले के तोरवा थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में सीआरपीएफ के जवान की मौत हो गई, जबकि उनका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा लालखदान ओवरब्रिज के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी।
मृतक जवान की पहचान कोरबा जिले के हरदीबाजार क्षेत्र अंतर्गत जोरहाडबरी निवासी मनीष कुमार आदिले के रूप में हुई है। वह सीआरपीएफ में पदस्थ थे और वर्तमान में उनकी पोस्टिंग श्रीनगर में थी। मनीष छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे और बुधवार को गुरु घासीदास जयंती समारोह में शामिल होने के लिए गांव गए थे।
गुरुवार तड़के करीब तीन बजे मनीष अपने दोस्त उदय पाल के साथ बाइक से बिलासपुर लौट रहे थे। इसी दौरान लालखदान ओवरब्रिज के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मनीष के सिर में गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उदय पाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घायल उदय पाल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पोस्टमार्टम के बाद मनीष का शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार गृहग्राम में किया गया।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद जवान की मौत से परिवार और इलाके में शोक का माहौल है।

