NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

SSB NEWS

भागलपुर: सैंडिस कंपाउंड में नए साल का जश्न मनाते समय हाई जंप के दौरान SSB हवलदार की मौत, परिवार में छाया मातम

भागलपुर, 2 जनवरी। नए साल के जश्न में खुशियां मनाने गए सीमा सुरक्षा बल (SSB) के हवलदार जवाहरलाल शर्मा (48) की दर्दनाक मौत हो गई। वे अपने परिवार और दो बच्चों के साथ सैंडिस कंपाउंड पहुंचे थे। जश्न के दौरान हाई जंप करने के प्रयास में वे गद्दे के बाहर गिर पड़े, जिससे सिर में गंभीर चोट लगी और वे बेहोश हो गए। तुरंत उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक हवलदार जवाहरलाल शर्मा मूल रूप से अमरी विशनपुर (थाना बिहपुर) के निवासी थे। वर्तमान में वे शहर के अलीगंज में अपना मकान बनाकर परिवार के साथ रहते थे। उनकी पोस्टिंग किशनगंज में थी और छुट्टी पर बच्चों के साथ समय बिताने भागलपुर आए थे। उनके छोटे भाई राजेश कुमार, जो सारण (छपरा) जिला बल में तैनात हैं, ने बताया कि जवाहरलाल की नौकरी 2005 में लगी थी। वे पांच भाइयों में सबसे बड़े थे और उनके दो अन्य भाई भी जिला बल में कार्यरत हैं।

जवाहरलाल के एक पुत्र और एक पुत्री है। इसके अलावा सुल्तानगंज नगर परिषद वार्ड-27 में भी उन्होंने अपना घर बनवाया था, जहां उनके माता-पिता रहते हैं। घटना के बाद से पूरा परिवार स्तब्ध है और सदमे में डूबा हुआ है। पत्नी संगीता देर रात तक सदर अस्पताल में पति के शव के पास बैठी रहीं। परिवार वाले बार-बार यही सवाल पूछ रहे हैं कि यह हादसा कैसे हो गया।

बता दें कि सैंडिस कंपाउंड में पुलिस और सेना की तैयारी कराने वाले कई निजी संस्थान संचालित होते हैं, जहां हाई जंप सहित अन्य शारीरिक व्यायाम कराए जाते हैं। इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यहां सुरक्षा के इंतजाम पूरे नहीं हैं, तो तैयारी करने वाले छात्रों के साथ भी ऐसा हादसा हो सकता है। प्रशासन से मांग उठ रही है कि ऐसे स्थानों पर सुरक्षा मानकों की जांच की जाए।

इस दुखद घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Spread the love

Editorial Desk – News of Paramilitary

Editorial Desk, News of Paramilitary, covers verified news, policy updates and field reports related to India’s Paramilitary Forces. Content is published following strict editorial standards.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page