छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई। सुकमा और बीजापुर मुठभेड़ में 14 से अधिक नक्सली ढेर, बड़े कैडर शामिल।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर अंचल में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। सुकमा और बीजापुर जिलों में हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों में 14 से अधिक नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है। इन मुठभेड़ों में बड़े कैडर के नक्सलियों के भी शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
किस्टाराम में लंबी गोलीबारी, 12 से ज्यादा नक्सली ढेर
सुकमा जिले के किस्टाराम क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन पर निकले जवानों का नक्सलियों से आमना-सामना हो गया। इसके बाद दोनों ओर से भारी गोलीबारी शुरू हो गई, जो काफी देर तक चली। इस मुठभेड़ में 12 से अधिक नक्सलियों के मारे जाने की खबर है, हालांकि सटीक संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। सूत्रों के मुताबिक, इस कार्रवाई में कोंटा के तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आकाश गिरपुंजे की हत्या में शामिल नक्सली कमांडर के भी मारे जाने की संभावना है।
बीजापुर में भी मुठभेड़, दो नक्सली ढेर
बीजापुर जिले में भी सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जहां दो नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की गई है। दोनों घटनाओं के बाद पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है।
हथियार बरामद, पहचान की प्रक्रिया जारी
मुठभेड़ों के बाद घटनास्थल से AK-47 और INSAS राइफल समेत अन्य हथियार बरामद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार, मारे गए नक्सलियों में DVCM कैडर के सदस्य भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल सभी शवों की पहचान की जा रही है। जवानों की टीमें जंगल में मौजूद हैं और ऑपरेशन पूरी तरह समाप्त होने के बाद ही अंतिम आंकड़े सामने आएंगे।
पुलिस की पुष्टि
एसपी किरण चव्हाण ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है और कई नक्सली मारे गए हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

