CRPF जवान ने परिवार की सुरक्षा की लगाई गुहार,पुलिस पहुंची मौके पर ,आरोपी की तलाश जारी
कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले CRPF जवान मनीष द्वारा सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। जवान ने अपने चचेरे भाई गोल्डन वर्मा पर घर में घुसकर परिवार को धमकाने, गाली-गलौज करने और जानलेवा हमला करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
वीडियो में जवान मनीष ने बताया कि वह वर्तमान में देश की सुरक्षा में नक्सलवाद क्षेत्र में तैनात हैं, जबकि उनके घर पर मां, पत्नी और बच्चे रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 6 जून की रात उनके चचेरे भाई गोल्डन वर्मा ने घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। जवान ने वीडियो के माध्यम से प्रशासन से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आने के बाद एसीपी चकेरी पूर्वी अभिषेक कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम पीड़ित परिवार के घर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से आरोपी गोल्डन वर्मा फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता सोनाली उत्तम की शिकायत पर 8 जून को ही गोल्डन वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के समय आरोपी कथित रूप से शराब के नशे में था और उसने परिवार के साथ गाली-गलौज की थी।
एसीपी अभिषेक कुमार पांडेय ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता और सुरक्षा का आश्वासन दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में पारिवारिक विवाद का एंगल भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है। वहीं आरोपी गोल्डन वर्मा के खिलाफ महाराजपुर थाने में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी भी मिली है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है।
फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

