कोहरे में बिजली के खंभे से टकराकर बुलेट सवार CRPF जवान की मौत, गांव में शोक की लहर
मरदह (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के ढोढ़ावीर गांव के पास शुक्रवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में सीआरपीएफ जवान की मौत हो गई। घने कोहरे के बीच बुलेट बाइक सवार जवान बिजली के खंभे से टकरा गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान गांव निवासी मुलायम सिंह यादव (32) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में सीआरपीएफ में तैनात थे। वह करीब 16 दिन पहले छुट्टी पर घर आए थे और शुक्रवार रात पलहीपुर-बद्धोपुर नहर मार्ग से बिरनो थाना क्षेत्र के चककपिल गांव रिश्तेदारी में जा रहे थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ढोढ़ावीर गांव के पास अचानक सामने पशु आ जाने से बाइक अनियंत्रित हो गई। घना कोहरा होने के कारण दृश्यता बेहद कम थी और इसी दौरान बाइक सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में जवान के सिर में गंभीर चोट आई।
राहगीरों की मदद से घायल जवान को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरदह ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान देर रात करीब 11 बजे उनकी मौत हो गई।
ग्राम प्रधान सीताराम यादव ने बताया कि मुलायम सिंह यादव के पिता स्व. प्रहलाद यादव भी सीआरपीएफ में कार्यरत थे और सेवा के दौरान ही उनका निधन हो गया था। इसके बाद मुलायम सिंह को आश्रित कोटे के तहत नौकरी मिली थी। वह दो भाइयों में सबसे बड़े थे।
जवान की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। मां विद्या देवी और पत्नी सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। शनिवार सुबह से ही गांव और आसपास के क्षेत्र से लोग घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करते रहे।
थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि मृतक के छोटे भाई विपुल यादव के प्रार्थना पत्र पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
शोक व्यक्त करने वालों में ब्लॉक प्रमुख सीता सिंह, प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार सिंह मंटू, अनिल यादव, रामनारायण यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि शामिल रहे। घटना से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।

