बॉर्डर 2 प्रमोशन में BSF जवानों का इस्तेमाल: ‘अपमान’ या ‘राष्ट्रभक्ति का जश्न’? विवाद बढ़ता जा रहा है
सनी देओल और वरुण धवन की आगामी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ के प्रमोशन के दौरान बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के जवानों द्वारा दिए गए भव्य स्वागत ने सोशल मीडिया पर तीखी बहस छेड़ दी है। एक तरफ जहां कुछ लोग इसे BSF की छवि का मजाक बता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ समर्थक इसे राष्ट्रभक्ति को बढ़ावा देने वाला कदम मान रहे हैं। कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी और कई वेटरन्स ने इसकी कड़ी निंदा की है, जबकि फिल्म के फैंस इसे ‘जवानों का सम्मान’ बता रहे हैं।
विवाद तब शुरू हुआ जब एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें BSF के जवान सनी देओल (कप्तान की भूमिका में) और वरुण धवन (मेजर की भूमिका में) को जीप पर सवार कराकर परेड करते नजर आए। जवानों ने उन्हें सलामी दी, माला पहनाई और ‘संदेसे आते हैं’ गाने पर डांस भी किया। यह इवेंट राजस्थान के किसी बॉर्डर एरिया में BSF के डायमंड जयंती समारोह के दौरान हुआ लगता है। वीडियो में फिल्म के पोस्टर्स और ‘बॉर्डर 2’ का प्रचार साफ दिख रहा है।
रिटायर्ड मेजर जनरल राजू चौहान ने सबसे पहले इस पर सवाल उठाया। उन्होंने लिखा, “60 से ज्यादा उम्र का व्यक्ति कर्नल की भूमिका निभा रहा है, जबकि चीफ भी 60 पर रिटायर होते हैं। फोर्सेस भावनाओं पर कैश करने के लिए इतना आगे जा रही हैं। BSF को पूर्वी बॉर्डर पर घुसपैठ रोकने पर फोकस करना चाहिए, न कि ऐसे मजाक पर। कई वेटरन्स ने इसे ‘वर्दी का अपमान’ बताया।
अमर उजाला के ब्यूरो चीफ जीतेंद्र भारद्वाज ने इसे ‘देश के असली नायकों का अपमान’ करार दिया। उन्होंने कहा, “ये दुर्भाग्य है। बनावटी नायकों के लिए असली जांबाजों को इस्तेमाल किया जा रहा है। BSF के शौर्य पर गर्व है, लेकिन ऐसे प्रमोशन से उनकी गरिमा प्रभावित होती है।”
कांग्रेस सांसद अभिषेक सिंघवी ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने X पर लिखा, “BSF के पवित्र यूनिफॉर्म में जवान परेड कर रहे हैं, जबकि बॉलीवुड एक्टर्स जीप पर राजाओं की तरह आ रहे हैं। यूनिफॉर्म कोई प्रॉप नहीं है, देशभक्ति कोई पेजेंट्री नहीं। इस क्लाउनरी को रोकें और उन लोगों का सम्मान करें जो राष्ट्र की रक्षा करते हैं।”
फिल्म ‘बॉर्डर 2’ 1971 के लॉन्गेवाला युद्ध पर आधारित है और 23 जनवरी 2026 को रिलीज हो रही है। ट्रेलर में सनी देओल के जोशीले डायलॉग्स और पैट्रियॉटिक थीम को सराहा जा रहा है, लेकिन प्रमोशन स्टंट पर सवाल उठ रहे हैं। BSF की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

