ITBP की 61वीं वाहिनी में 146 जवान बने सीनियर कांस्टेबल, लिकाबली में आयोजित हुआ समारोह
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) की 61वीं वाहिनी द्वारा लिकाबली में एक समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सिपाही संवर्ग के उन 146 कर्मियों को ‘सीनियर कांस्टेबल’ का रैंक प्रदान किया गया, जिन्हें प्रथम एसीपी/एमएसीपी (Assured Career Progression / Modified Assured Career Progression) का लाभ प्राप्त हुआ है। यह पदोन्नति महानिदेशालय, आईटीबीपी के आदेशानुसार की गई।
समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में चयनित जवानों को रैंक बैज पहनाकर सम्मानित किया गया।
ITBP के अनुसार एसीपी/एमएसीपी योजना का उद्देश्य उन कर्मियों को प्रोत्साहन देना है, जिन्हें सेवा अवधि के दौरान सीमित पदोन्नति के अवसर मिल पाते हैं। ‘सीनियर कांस्टेबल’ का रैंक मिलने से जवानों को न केवल सम्मान और पहचान मिलती है, बल्कि संगठनात्मक ढांचे में उनकी भूमिका भी और प्रभावी होती है।
यह पहल बल में कार्यरत कार्मिकों के समर्पण, परिश्रम और उत्कृष्ट सेवाओं की उचित पहचान है। इससे न केवल जवानों का मनोबल सुदृढ़ होगा, बल्कि कर्तव्य निर्वहन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता भी और मजबूत होगी।

