NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

CRPF NEWS

झारखंड के CRPF इंस्पेक्टर बिप्लब विश्वास ने रचा इतिहास, KBC में जीते 1 करोड़ रुपये

रांची। झारखंड के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF) के इंस्पेक्टर बिप्लब विश्वास ने लोकप्रिय टीवी शो “कौन बनेगा करोड़पति” में 1 करोड़ रुपये की राशि जीतकर इतिहास रच दिया है। वे ऐसा करने वाले पहले CRPF अधिकारी बन गए हैं। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न सिर्फ CRPF बल्कि पूरे देश में खुशी की लहर है।

झारखंड की राजधानी रांची के डोरंडा इलाके के निवासी इंस्पेक्टर बिप्लब विश्वास वर्तमान में छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियानों में तैनात हैं। कठिन और चुनौतीपूर्ण ड्यूटी के बावजूद उन्होंने ज्ञान, धैर्य और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया।

15 वर्षों की मेहनत और संघर्ष का फल

इंस्पेक्टर बिप्लब विश्वास ने बताया कि इस सफलता के पीछे लगभग 15 वर्षों की मेहनत, निरंतर अभ्यास और पिता की प्रेरणा रही है। ड्यूटी के बाद जब भी समय मिलता, वे “कौन बनेगा करोड़पति” के एपिसोड देखते और पूछे गए सवालों को हल करने का अभ्यास करते थे। उनके पिता हमेशा उन्हें KBC में जाने के लिए प्रोत्साहित करते रहे।

आखिरकार वर्षों के संघर्ष के बाद उन्हें अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठने का अवसर मिला और उन्होंने अपने ज्ञान से सबको प्रभावित कर दिया। उनका 1 करोड़ जीतने वाला एपिसोड 30 और 31 दिसंबर 2025 को सोनी टीवी पर प्रसारित होगा।

बिना लाइफलाइन के पार किए अहम पड़ाव

बिप्लब विश्वास ने शो में पहले 10 सवाल बिना किसी लाइफलाइन के पार किए। इतना ही नहीं, KBC के कठिन माने जाने वाले “सुपर संधूक” राउंड में भी उन्होंने सभी 10 प्रश्नों के सही उत्तर देकर दर्शकों और शो के होस्ट अमिताभ बच्चन को खासा प्रभावित किया।

उनकी शानदार परफॉर्मेंस से खुश होकर अमिताभ बच्चन ने उन्हें अपने बंगले पर सपरिवार डिनर के लिए आमंत्रित करने की घोषणा की। इसके साथ ही शो की ओर से उन्हें 1 लाख रुपये की अतिरिक्त पुरस्कार राशि भी दी जाएगी।

निजी जीवन में झेली बड़ी त्रासदी

इस सफलता के पीछे एक बेहद भावुक कहानी भी जुड़ी है। मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले बिप्लब विश्वास का परिवार रांची में रहता है। उन्होंने बताया कि कोरोना काल के दौरान वर्ष 2021 में उनकी पत्नी और पिता दोनों का निधन हो गया था। इस गहरे दुख के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपने संघर्ष को सफलता में बदल दिया।

पुरस्कारों की झड़ी

1 करोड़ रुपये की इनामी राशि के अलावा इंस्पेक्टर बिप्लब विश्वास को कई अन्य पुरस्कार भी मिले हैं, जिनमें शामिल हैं—

  • मारुति सुजुकी विक्टोरियाज (टॉप मॉडल) कार
  • एक ई-बाइक
  • एक सोने का सिक्का
  • डॉ. फिक्सिट कंपनी की ओर से 50 हजार रुपये का गिफ्ट वाउचर
  • अन्य आकर्षक उपहार

देशभर से मिल रही बधाइयाँ

उनकी इस उपलब्धि पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, CRPF के वरिष्ठ अधिकारी और रांची सहित कई जनप्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

CRPF की कठोर ड्यूटी के साथ ज्ञान की साधना कर इंस्पेक्टर बिप्लब विश्वास आज करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गए हैं। उनकी कहानी यह साबित करती है कि संघर्ष, अनुशासन और आत्मविश्वास से कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है

Spread the love

Editorial Desk – News of Paramilitary

Editorial Desk, News of Paramilitary, covers verified news, policy updates and field reports related to India’s Paramilitary Forces. Content is published following strict editorial standards.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page